रायगढ़। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और उसे डरा धमकाकर पैसे वसूलने वाले आरोपी को चंद घंटों के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी उद्धव दास महंत 21 वर्ष निवासी सारंगढ़ बिलाईगढ़ वर्तमान निवासी बाजीपाली रायगढ़ की मुलाकात 17 वर्षीय पीड़िता से उसके मामा के गांव में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि 26 जनवरी को आरोपी ने पीड़िता को स्कूल के पास से अपनी बाइक पर बैठाया और घुमाने के बहाने बाजीपाली स्थित अपने किराए के मकान में ले गया। वहां उसने नाबालिग के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की प्रताड़ना यहीं नहीं रूकी। 11 मार्च को वह पीड़िता के घर के पास पहुंचा और उसे डरा धमकाकर पैसों की मांग की। लोकलाज के डर के कारण पीड़िता ने उसे 10 हजार रूपए दे दिए।
परिजनों को जब घटना की भनक लगी तो उन्होंने 15 मार्च को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक जप्त कर लिया है। आरोपी के विरूद्ध धारा 64, 351 बीएनएस और 4 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।







