कोरबा। बुजुर्ग दंपति से जमीन गिरवी रखवाकर लगभग सवा लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछ दिन पूर्व धोखाधड़ी का एक मामला प्रकाश में आया था जिसमें प्रार्थी घसिया बरेठ निवासी सुखर्रीखुर्द के द्वारा उरगा थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
आवेदन में बताया गया राजू उर्फ शहजाद खान के द्वारा उसके पुत्र जो जेल में पाक्सो एक्ट के तहत दाखिल किया गया था, उसे छुड़ाने के नाम पर उससे सवा लाख रुपए नगद ले लिया है। रकम की व्यवस्था नहीं होने की स्थिति में प्रार्थी के द्वारा अपनी जमीन को गिरवी रखकर उसे रुपए दिया गया था।
आरोपी के द्वारा स्वयं को पुलिस एवं न्यायाधीश के साथ मधुर संबंध का हवाला देते हुए पीड़ित को आश्वस्त किया गया कि वह उसके पुत्र को जल्द से जल्द रिहा कर देगा। रकम देने के बाद पीड़ित के द्वारा लगातार राजू उर्फ शहजाद खान को फोन पर संपर्क किया जाने लगा। इसके बाद वह मामले को लेकर गोल-गोल जवाब देने लगा। स्वयं के साथ ठगी होने के आभास के बाद उसने उरगा थाने में लिखित शिकायत पत्र प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की थी।
पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी एवं नगर पुलिस निरीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन पर उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस के संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से मामले के आरोपी को मननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक अभीरक्षा में जेल भेज दिया गया।







