महासमुंद। खल्लारी माता मंदिर की पहाड़ी पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा रोपवे अचानक टूट गया। इस हादसे में आठ श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक महिला की मौत की खबर है।
यह घटना खल्लारी थाना क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का रोपवे करीब 200 से 300 फीट की ऊंचाई पर अचानक तार टूटने के कारण नीचे गिर गया। आने और जाने के दोनों रोपवे में करीब 13 लोग सवार थे। तार टूटने की इस घटना ने रोपवे के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए बागबाहरा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घायलों में से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है। जिन 7 लोगों को चोटें आई हैं, उनमें से पांच की स्थिति चिंताजनक है। खल्लारी माता का मंदिर एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और यह करीब 4 हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। मंदिर तक पहुंचने के लिए रोपवे की सुविधा प्रदान की गई है।
महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) March 22, 2026
सीएम साय ने हादसे पर जताया दुख : सीएम विष्णु देव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। खल्लारी माता से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”







