Home » मोबाईल विवाद में चाकू मारकर युवक की हत्या … बीती रात शनिचरी मोड़ के पास हुई घटना
छत्तीसगढ़

मोबाईल विवाद में चाकू मारकर युवक की हत्या … बीती रात शनिचरी मोड़ के पास हुई घटना

बिलासपुर। शहर में मोबाईल लेनदेन के विवाद में एक युवक की जान ले ली। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शनिचरी मोड़ के पास शुक्रवार रात को हुई इस घटना में गणेश रजक नामक युवक ने दीपक साहू उर्फ दादू साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रमिला साहू निवासी पशु चिकित्सालय के सामने शनिचरी मोड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह रोजी मजदूरी का काम करती है और अपने बेटे दीपक साहू उर्फ दादू साहू के साथ रहती है। दीपक भी मजदूरी करता था। 16 जुलाई को दीपक अपने दोस्तों दीपक विश्वकर्मा, दादू महाराज, गणेश रजक एवं अन्य साथियों के साथ बाबा बैजनाथ धाम, देवधर गया था और 23 जुलाई को वापस लौटा था। वापस आने पर दीपक ने मां को बताया कि यात्रा के दौरान गणेश रजक ने उससे मोबाईल फोन को लेकर विवाद किया था और जान से मारने की धमकी दी थी। घटना वाली रात यानि 8 अगस्त को करीब 7 बजे दीपक घर से अ़केले निकला। उसी दौरान प्रार्थी की भतीजा बहू लक्ष्मीन साहू ने आकर सूचना दी कि शनिचरी मोड़ पशु चिकित्सालय के सामने गणेश रजक ने मोबाईल लेने की बात पर फिर विवाद करते हुए दीपक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम में पता चला कि दीपक के सीने, पेट, कमर और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए थे। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी गणेश रजक को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोबइल लेनदेन के पुराने विवाद के चलते ही यह हत्या की गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Search

Archives