Home » नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाई गई छत्तीसगढ़ की 35 युवतियां, प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू आपरेशन
छत्तीसगढ़

नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाई गई छत्तीसगढ़ की 35 युवतियां, प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू आपरेशन

कांकेर जिले से मानव तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ की कांकेर, धमतरी और आसपास क्षेत्रों की करीब 35 युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया, जहां उन्हें फंसाए जाने की बात सामने आई है। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक युवती ने अपने परिचित को वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई।

बताया जा रहा है कि युवतियों को रोजगार का लालच देकर झारखंड बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। युवती ने मैसेज में बताया कि कई लड़कियों को बंधक जैसी स्थिति में रखा गया है और बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। इसके बाद परिजनों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर बेटियों को वापस लाने की मांग की।

सूचना मिलते ही कांकेर जिला प्रशासन ने झारखंड के गढ़वा जिला प्रशासन से संपर्क साधा और खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को किसके माध्यम से वहां भेजा गया और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए टीम काम कर रही है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी पुष्टि की कि मामले में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद ग्रामीण इलाकों में चिंता का माहौल है। परिजनों का कहना है कि बेटियों को नौकरी का सपना दिखाकर बाहर ले जाया गया और अब उनका संपर्क भी सीमित हो गया है।

Search

Archives