Home » सूरजपुर में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली सहायक शिक्षिका की जान, बेटा गंभीर
छत्तीसगढ़

सूरजपुर में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली सहायक शिक्षिका की जान, बेटा गंभीर

सूरजपुर। सूरजपुर जिला के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। कथित रूप से नीलगिरी लकड़ी से लदा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी सहायक शिक्षिका और उनके मासूम बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। .हादसा इतना भयावह था कि शिक्षिका शिफा त्रिपाठी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शिफा त्रिपाठी आत्मानंद भुवनेश्वरपुर स्कूल में सहायक शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। सोमवार सुबह वे अपने मासूम बेटे के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। बताया जा रहा है कि कौशलपुर मोड़ के पास वे सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने नियंत्रण खो दिया और सीधे उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर में नीलगिरी लकड़ी लदी हुई थी और वाहन काफी तेज रफ्तार में था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चे को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही रामानुजनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रैक्टर में लदी लकड़ी वैध थी या अवैध तस्करी से जुड़ी हुई थी।

बताया जा रहा है कि शिफा त्रिपाठी मूल रूप से रायपुर जिला की निवासी थीं और वर्तमान में रामानुजनगर में अपने बेटे के साथ रह रही थीं। उनकी असामयिक मृत्यु से शिक्षा विभाग में शोक की लहर है। सहकर्मियों, छात्रों और स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.इलाके में इस घटना के बाद आक्रोश और मातम का माहौल है।

Search

Archives