Home » दर्दनाक सड़क हादसा : पिकअप की चपेट में आई बाइक, पति पत्नी और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत
छत्तीसगढ़

दर्दनाक सड़क हादसा : पिकअप की चपेट में आई बाइक, पति पत्नी और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत

एक बच्चा घायल

बिलासपुर। बेलपान मेले से लौटते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति पत्नी और उनकी मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर बांसझार चौक के पास हुआ। जिसने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बांसझार निवासी जमनेश यादव अपनी पत्नी संतोषी यादव और बच्चों के साथ बाइक सीजी 10 एए 0364 से बेलपान मेला घूमकर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोटा लोरमी मुख्य सड़क पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने लापरवाहीपूर्वक सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क से दूर जा गिरे। हादसे में जमनेश यादव 36, उनकी पत्नी संतोषी यादव 26 वर्ष और उनकी 13 साल की बेटी अनिशा यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान पति पत्नी और बच्ची को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित निजी चिकित्सालय रेफर किया गया है।

घटना की सूचना पर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप सीजी 28 आर 7108 वाहन को जप्त कर लिया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और घायल बच्चे के बेहतर इलाज की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की गंभीर आवश्यकता को उजागर करता है।

Search

Archives