Home » बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या : आरोपी तीन हत्याओं और दो हत्या के प्रयास मामले में काट रहा सजा
छत्तीसगढ़ बिलासपुर

बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या : आरोपी तीन हत्याओं और दो हत्या के प्रयास मामले में काट रहा सजा

 बिलासपुर।  सेंट्रल जेल बिलासपुर में सोमवार एक सनसनीखेज घटना सामने आई। जेल परिसर के भीतर एक विचाराधीन बंदी की पत्थरनुमा सीमेंट के स्लैब से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय नीलू जगत के रूप में हुई है, जो कोटा का निवासी था। वह किसी मामले में विचाराधीन बंदी के तौर पर सेंट्रल जेल में बंद था।  40 वर्षीय कैदी राजेश राय, निवासी चामरी, जिला मुंगेली ने नीलू जगत पर अचानक हमला किया।
आरोपी ने बैरक में घुसकर सीमेंट के भारी ढक्कन से नीलू के सिर पर कई वार किए। नीलू गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। जेल कर्मियों ने तत्काल घायल बंदी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड :  सूत्रों के अनुसार, आरोपी राजेश राय पहले से ही गंभीर अपराधी है। वह तीन हत्याओं और दो हत्या के प्रयास के मामलों में सजा काट रहा है। ऐसे गंभीर अपराधों में बंद कैदी द्वारा जेल के भीतर वारदात को अंजाम देना चिंताजनक है। इससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस और जेल अधिकारियों ने शुरू की जांच :  घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारी बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से पूछताछ कर रहे हैं। सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी बंदी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

Search

Archives