बिलासपुर। भारत रत्न और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का पूरा परिवार छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर पहुंचा। मंगलवार की दोपहर में उनका पूरा परिवार मुंगेली स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व के बम्हनी गांव पहुँचा।
बेटी सारा तेंदुलकर के साथ डॉ अंजलि तेंदुलकर ने बैगा आदिवासी परिवार से भेंट मुलाकात की। इस दौरान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का परिवार बैगा परिवार से बातचीत की।

इस दौरान गांव में संचालित फुलावारी केंद्र का अवलोकन किया। वहीं ट्रायबल बच्चों के शिक्षा , स्वास्थ और पोषण की चर्चा की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पूरा परिवार मंगलवार की सुबह 5:30 बजे पहुंचा। यह कार्यक्रम पूरी तरह से गोपनीय रखा गया।
परिवार ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया तेंदुलकर ने ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों के जीवन, रहन-सहन और भाषा शैली को करीब से देखने और समझने की कोशिश की।
गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर समय-समय पर सामाजिक कार्यों और ग्रामीण विकास से जुड़े प्रयासों में सक्रिय रहे हैं। ऐसे में उनके परिवार का यह दौरा भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि इस दौरे को लेकर आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।

जानकारी के मुताबिक, तेंदुलकर परिवार आज बिलासपुर से मुंबई के लिए रवाना हो जाएगा। उनका यह शांत और गोपनीय दौरा कई सवालों के साथ-साथ संभावनाओं के नए द्वार भी खोल गया है, खासकर ग्रामीण स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में।







