खगड़िया में एक अपराधी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने हाथ में पिस्टल लेकर लोगों के बीच दहशत फैलाते दिखाई दे रहा है। उक्त अपराधी की पहचान बेलदौर थाना अंतर्गत माली निवासी राजो यादव के पुत्र निक्कू कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि यह युवक शराब के नशे में बेलदौर स्थित माली चौक पर अवैध हथियार लेकर स्थानीय लोगों को धमकी दे रहा था। इसी दौरान किसी अन्य युवक ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इधर, मामले में बेलदौर थाना पुलिस ने बताया कि उनके पास भी उक्त वायरल वीडियो पहुंचा है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि अवैध हथियार के साथ दिख रहा ये युवक एक पेशेवर अपराधी है। स्थानीय लोगों की मानें तो इसके ऊपर हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी सहित कई संगीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। लोगों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ये बदमाश माली चौक पर पहुंचा था, जहां यह अपने कमर से अवैध हथियार को निकाल कर लोगों को दिखाने लगा। साथ ही स्थानीय दुकानदारों को धमकाने लगा।







