अकोढ़ीगोला (रोहतास)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के चार दिन बाद अपने प्रेमी के साथ फरार लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने नालंदा जिले के हिलसा से बरामद कर लिया है। हिरासत में ली गई दुल्हन व उसके प्रेमी की निशानदेही पर अपने साथ लाए गए गहने और अन्य सामान को पटना के हनुमान नगर स्थित विकास कुमार के किराए के मकान से छापेमारी कर दो ट्रॉली बैग के साथ बरामद किया गया है।
बरामद सामान में एक जोड़ी चांदी का पायल, सोने की मांगटीका, नथिया, कंगन, झुमका, गले का हार, पांच साड़ियां, दो लेडीज सूट, एक पर्स, शृंगार सामग्री, प्रेशर कुकर व मिक्सर ग्राइंडर शामिल हैं। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है।
6 लोगों को बनाया आरोपित
एएसपी अतुलेश झा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि शादी के चार दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन अपने प्रेमी मोहम्मद अली निवासी पिरही बाग दाउदनगर के साथ फरार हो गई थी। इस संबंध में प्राथमिकी करते हुए छह लोगों को आरोपित किया गया था।
एएसपी अतुलेश्वर झा ने बताया कि एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेहरी वन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के दौरान नालंदा जिले के हिलसा थाना से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित मोहम्मद अली, अपहृता व एक अन्य चंदन कुमार की पत्नी लवली कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं, एसआई सुनील कुमार सिंह, राजकुमार, वाहिद अली, महिला पुलिसकर्मी सुषमा कुमारी, सीमा कुमारी, नंद किशोर राय समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे।







