नालंदा। बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र में एनएच-20 पर हुए भीषण सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। देवधा गांव के पास छड़ लोड हाइवा ने बाइक सवार चाचा भतीजे को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों की पहचान पावा गांव निवासी बृजनंदन सिंह के पुत्र (41) मिथिलेश कुमार और सुधीर प्रसाद के पुत्र (39) कमलनयन के रूप में की गई है। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर से बिहारशरीफ जा रहे थे।
घटना के संबंध में मिथिलेश के चाचा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जैसे ही दोनों देवधा गांव के पास पहुंचे, तेज रफ्तार छड़ लोड हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है।







