भोरे (गोपालगंज)। प्यार में इंसान किसी भी हद तक जा सकता है। इसका ताजा उदाहरण शुक्रवार की सुबह भोरे थाना क्षेत्र के बनकटा जागीरदारी गांव में देखने को मिला। यहां एक युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस को हिरासत में लिए गए प्रेमी को हथकड़ी समेत टावर के नीचे लाना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार बनकटा मल गांव निवासी संजय गोंड की पुत्री अर्पिता कुमारी का प्रेम प्रसंग गांव के ही पवन चौहान के साथ लंबे समय से चल रहा था। बताया जाता है कि गुरुवार की रात अर्पिता अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका पता नहीं चला तो उन्होंने पवन चौहान पर अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पवन चौहान को हिरासत में लेकर थाने ले आई। इधर शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीणों की नजर बनकटा जागीरदारी स्थित मोबाइल टावर पर पड़ी तो वे हैरान रह गए।
कराई जाए शादी
अर्पिता टावर की ऊंचाई पर बैठी थी और नीचे आने से इनकार कर रही थी। युवती की मांग थी कि पुलिस उसके प्रेमी को रिहा करे और दोनों की शादी कराई जाए। घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई तो पुलिस ने हिरासत में बंद पवन चौहान को हथकड़ी लगी हालत में ही जीप से टावर के पास लाकर खड़ा कर दिया।
पुलिस प्रशासन व स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा था। पूरे इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद दोनों पक्षों को समझाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







