Home » फिल्म अभिनेता क्रांति प्रकाश झा और एक्ट्रेस नीतू चंद्रा को चुनाव आयोग ने दी बड़ी जिम्मेदारी
बिहार

फिल्म अभिनेता क्रांति प्रकाश झा और एक्ट्रेस नीतू चंद्रा को चुनाव आयोग ने दी बड़ी जिम्मेदारी

पटना। बिहार निर्वाचन विभाग ने अभिनेता क्रांति प्रकाश झा और अभिनेत्री नीतू चंद्रा को स्वीप आइकॉन बनाया है। वे मतदाता जागरूकता अभियान को बढ़ावा देंगे और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। चुनाव आयोग ने इनके मनोनयन को स्वीकार कर लिया है। दोनों कलाकार मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के लिए जागरूकता फैलाएंगे जिसके लिए ऑडियो और वीडियो जारी किए गए हैं।

क्रांति प्रकाश झा एवं सुश्री नीतू चंद्रा राज्य में मतदाता शिक्षा एवं जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। दोनों हस्तियों की स्वीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया से जोड़ने में अहम भूमिका होगी।

भारत निर्वाचन आयोग ने दोनों के मनोनयन को औपचारिक स्वीकृति दे दी है। तत्काल दोनों कलाकार चुनाव आयोग के मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर लोगों को जागरूक करेंगे। मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित कई वीडियो एवं आडियो भी जारी किया गया है।

बिहार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण

उल्लेखनीय है कि बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अपने अंतिम चरण में है। गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई निर्धारित की गई है। बिहार में 7,89,69,844 मतदाताओं में से, 6,81,67,861 मतदाताओं (86.32 प्रतिशत) के फॉर्म मंगलवार रात तक एकत्र किए गए हैं।

चुनाव आयोग के पास मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और कई पंजीकरणों का रिकॉर्ड भी है। मतदाता सूची का संशोधित ड्राफ्ट 1 अगस्त, 2025 को प्रकाशित किया जाएगा। चुनाव आयोग शेष मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। सभी 261 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में 5,683 वार्डों में विशेष शिविर लगाए गए हैं।

बीएलओ ईसीआईनेट ऐप और वोटर साईट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। लगभग 1 लाख बीएलओ फॉर्म एकत्र करने के लिए डोर-टू-डोर दौरे करेंगे। सभी राजनीतिक दलों के 1.5 लाख बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) इस अभियान में सहायता कर रहे हैं, जिनमें से प्रत्येक को प्रतिदिन 50 फॉर्म वेरिफाई करने और जमा करने का अधिकार है।

चुनाव विभाग ने इस बात पर जोर दिया है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। स्वीप आइकन के रूप में क्रांति प्रकाश और नीतू चंद्रा की नियुक्ति से अभियान के अंतिम चरण में मतदाता जागरूकता प्रयासों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Search