मुंगेर। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की सुबह श्रीकृष्ण सेतु के पाया संख्या 22-23 के बीच एक युवक का शव बरामद किया है। युवक के दाएं पैर को कुत्तों ने नोंचकर क्षतिग्रस्त कर दिया है। युवक की पहचान लाल दरवाजा के कंबल बाबा निवासी राजा यादव के रूप में हुई है। युवक के गले पर निशान मिला है। परिवार वालों ने हत्या कर राजा के शव को सेतु के नीचे फेंकने की बात कही है।
कोतवाली थानाध्यक्ष धीरेंद्र पांडेय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। राजा चौक बाजार स्थित एक चाट की दुकान में काम करता था। परिवार वालों ने बताया कि हर दिन नौ से 10 बजे रात तक राजा घर पहुंच जाता था। गुरुवार की रात घर नहीं पहुंचा, तो परिवार वालों को चिंता हुई। इस बीच शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर गए लोगों ने शव होने की सूचना कोतवाली की पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी के एक महीने बाद छोड़कर चली गई थी पत्नी
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव सुनसान इलाके में होने के कारण दाएं पैर को आवारा जानवरों ने नोंच खाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को सुपुर्द कर दिया। राजा की बहन जयमाला देवी ने बताया कि राजा तीन भाइयों में छोटा था। मंझले भाई कटीमन यादव की मौत करंट लगने से पूर्व में हो चुकी है। बड़ा भाई डोमन यादव दिल्ली में रहता है। राजा इधर-उधर काम धंधा कर घर में मां के साथ रहता था। तीन वर्ष पहले राजा ने वासुदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर में एक लड़की से प्रेम प्रसंग में शादी की थी, शादी के एक माह बाद पत्नी छोड़कर चली गई।
मेडिकल बोर्ड के रिपोर्ट का इंतजार
कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया से हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मेडिकल बोर्ड की टीम से हत्या के कारणों का स्पष्ट जानकारी देने को कहा गया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की मूल वजह का पता चल सकेगा। इधर, राजा की मौत के बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।







