भोपाल। अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कमला नगर पुलिस ने बापू नगर क्षेत्र की झुग्गियों में चल रही एक अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में भारी मात्रा में घातक हथियार बरामद किए गए हैं।
कमला नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बापू नगर की झुग्गियों में अवैध रूप से हथियार बनाए और बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात पुलिस टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान दो अलग-अलग झुग्गियों से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से कुल 79 छुरी और 4 तलवारें जब्त की हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने घर के एक कमरे को कारखाने में तब्दील कर हथियारों का निर्माण कर रहे थे। यहां से बड़े पैमाने पर हथियार बनाकर उन्हें ऑर्डर के आधार पर बेचा जाता था।

दो सगे भाई गिरफ्तार : गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन विश्वकर्मा और दुर्गेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बापू नगर, थाना कमला नगर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी किसी भी तरह का वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 25(1-AA) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की विवेचना जारी है और यह जांच की जा रही है कि हथियार किन लोगों तक सप्लाई किए जा रहे थे।
पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ऑर्डर पर हथियार खपाने का काम करते थे। हर साइज में उनके द्वारा हथियारों को तैयार किया जाता था। तलवारों को अलग-अलग डिजाइन में तैयार करते थे।







