Home » इस्राइल-हमास के बीच जारी जंग में अब तक 1600 लोगों की मौत, मरने वालों में कई विदेशी नागरिक
दुनिया

इस्राइल-हमास के बीच जारी जंग में अब तक 1600 लोगों की मौत, मरने वालों में कई विदेशी नागरिक

यरूशलम। इस्राइल और फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास के बीच जारी जंग में अब तक दोनों पक्षों के करीब 1600 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। विदेशी नागरिकों में से कई इस्राइल के इलेक्ट्रोनिक म्यूजिक फेस्टिवल में हिस्सा लेने आए थे इसी दौरान हमास के आतंकियों ने इस्राइल पर हमला बोल दिया।

मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अर्जेटीना के सात नागरिकों की मौत हुई है और 15 अभी भी लापता है। साथ ही इस्राइल में मौजूद करीब 625 अर्जेटीनी नागरिकों ने अपने देश की सरकार से उन्हें वहां से सुरक्षित निकालने की मांग की है। आस्ट्रिया की सरकार के अनुसार तीन आॅस्ट्रियन-इस्राइली नागरिक लापता हैं। वहीं ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने भी जानकारी दी है कि उनके भी तीन ब्राजीजी-इस्राइली नागरिक लापता हैं। तीनों नागरिक इस्राइल के म्यूजिक फेस्टिवल मंे शामिल होने गए थे। कंबोडिया के एक नागरिक की इस्राइल पर हुए हमलों में मारे जाने की खबर है। वहीं दो नागरिक लापता भी हैं।

कनाडा के एक नागरिक की इस्राइल में मौत हुई है और तीन अन्य नागरिक लापता हैं। चिली के भी दो नागरिक लापता हैं और ये जोड़ा हमास के हमले के वक्त इस्राइल की सीमा के नजदीक ठहरा हुआ था। फ्रांस के दो नागरिकों की इस्राइल में मौत की खबर है और 14 अन्य लापता हैं। इसी तरह जर्मनी के कई नागरिकों को इस्राइल में लापता होने की सूचना है। आशंका है कि इन नागरिकों को बंधक बनाया गया है। आयरलैंड और इटली के क्रमशः एक और दो नागरिक लापता हैं। मैक्सिको के दो नागरिकों को हमास के आतंकियों द्वारा अगवा करने की सूचना है।

0 नेपाल सबसे ज्यादा प्रभावित
नेपाल सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में से एक है। नेपाल के 10 नागरिकों की इस्राइल में मौत हुई है और एक अन्य लापता है। पनामा, पेराग्वे और पेरु में भी दो-दो लोग लापता हैं। वहीं अमेरिका के 11 नागरिकों की इस्राइल में मौत हुई है और कई अन्य लापता हैं। ब्रिटेन का एक नागरिक इस्राइल में मारा गया है और एक अन्य लापता है। यूक्रेन के दो नागरिक इस्राइल में मारे गए हैं। थाईलैंड को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है और उसके 18 नागरिकों की जान गई है। वहीं कई अन्य लापता हैं। रूस का भी एक नागरिक इस्राइल में मारा गया है और एक लापता है।

Search

Archives