Home » आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 24 रन से हराया
खेल

आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 24 रन से हराया

मोहाली फाफ डुप्लेसी और उनकी जगह कप्तान की भूमिका निभा रहे विराट कोहली के अर्धशतक के बाद मोहम्मद सिराज की तूफानी गेंदबाजी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने बृहस्पतिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच में पंजाब किंग्स को उनके घर में 24 रन से हरा दिया। डुप्लेसी (56 गेंद में 84 रन, पांच छक्के, पांच चौके) और कोहली (47 गेंद में 59 रन, पांच चौके, एक छक्का) के बीच पहले विकेट की 137 रन की साझेदारी से आरसीबी ने चार विकेट पर 174 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब किंग्स की टीम सिराज (21 रन पर चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.2 ओवर में 150 रन पर ढेर हो गई। लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने भी 39 रन पर दो विकेट चटकाए।

पंजाब किंग्स की ओर से सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (46) और जितेश शर्मा (41) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। इन दोनों के अलावा कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावर प्ले में 49 रन तक ही चार विकेट गंवा दिए।

पंजाब की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 31 रन देकर दो विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह और एलिस को एक-एक विकेट मिला।

Search