Home » होर्मुज से गुजरते वक्त बारूदी सुरंगों से टकराए दो तेल टैंकर, लगी भीषण आग
दुनिया

होर्मुज से गुजरते वक्त बारूदी सुरंगों से टकराए दो तेल टैंकर, लगी भीषण आग

तेहरान। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने शुक्रवार को बताया कि ‘अनधिकृत’ रास्ते से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर, नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए।

नौसेना ने कहा कि इन दोनों जहाजों ने अपने नेविगेशन और पहचान प्रणालियों को बंद कर दिया था। वे अमेरिकी सेना के समर्थन से एक अनधिकृत रास्ते से इस जलडमरूमध्य से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद उन्हें रोक दिया गया।

शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, नौसेना ने जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है। जब तक अमेरिका ईरान की सात शर्तों को पूरा नहीं करता, तब तक इस जलमार्ग की मौजूदा स्थिति में कोई बदलाव नहीं होगा।

इसमें आगे कहा गया कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सेनाओं द्वारा तेल टैंकरों को बारूदी सुरंगों वाले रास्ते से गुजरने के लिए मजबूर करने की कोशिशों का नतीजा केवल लगातार और करारी हार ही होगा।

आइआरजीसी ने गुरुवार को बताया कि पिछली रात होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में एक अवैध और अनधिकृत रास्ते से गुजरते समय, दो सुपर टैंकरों सहित तीन जहाजों में अलग-अलग घटनाओं के दौरान आग लग गई। तीसरा जहाज आग पर काबू पाने में मदद के लिए तेल टैंकर के पास पहुंचा था।