कोरबा। कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की दो घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। चोरी गई चांदी की दो चेन बरामद किया गया है।
थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की दो घटनाओं को कोरबा पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई तथा उनकी पतासाजी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सक्रिय की गईं।
इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की पहली घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता है। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसके द्वारा अन्य साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं चोरी गई संपत्ति के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त के संबंध में प्राप्त सूचना पर पुलिस द्वारा सुरेश निषाद पिता स्वर्गीय गोविंद राम निषाद, उम्र 25 वर्ष, निवासी भुलसीडीह (Bhulsidih) के कब्जे से चोरी की चांदी की दो चेन बरामद की गई हैं। उक्त व्यक्ति के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा पुलिस द्वारा प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान, शेष चोरी गई संपत्ति की बरामदगी तथा चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों के संबंध में लगातार पतासाजी की जा रही है। मामले में विवेचना एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।







