शरीर पर मिले चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक की लाश संदिग्ध अवस्था में मिली है। बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय युवक की मौत तालाब में डूबने से हुई है। गुरूवार शाम युवक तालाब की तरफ घूमने निकला था। शव मिलने के बाद क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रंजीत टंडन 32 निवासी गाधिया किसान था। गुरूवार शाम वह घूमने के लिए गांव के गाधिया तालाब की ओर गया था। इसी दौरान आशंका जताई जा रही है कि तालाब के किनारे चलते समय उसका पैर फिसल गया होगा और वह पानी में गिरा होगा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
शरीर पर मिले चोट के निशान
पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक किन परिस्थितियों में तालाब में गिरा और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







