Home » आयुष्मान खुराना-तुषार कपूर को धमकी देने वाला आईटी इंजीनियर गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगे थे करोड़ों रुपए
मनोरंजन

आयुष्मान खुराना-तुषार कपूर को धमकी देने वाला आईटी इंजीनियर गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगे थे करोड़ों रुपए

मुंबई ।  अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद फिल्मी हस्तियों को धमकी मिलने की खबरें सामने आ रही थीं। इसी बीच बुधवार को अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरा ऑडियो क्लिप मिला। अब इस मामले पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने वसूली और धमकी देने के मामले में बेंगलुरु से 30 साल के एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से आईटी इंजीनियर है। आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर फिल्मी सितारों को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाले फिल्मी सितारों को अलग-अलग तरीकों से धमका रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने कितने लोगों को निशाना बनाया।
लॉरेंस गैंग से कोई कनेक्शन नहीं
आयुष्मान खुराना को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो में आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। साथ ही करोड़ों रुपये की मांग भी की गई थी, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं मिला है।
तुषार कपूर को भी मिली थी धमकी
कुछ दिन पहले तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। उस मामले में मैसेज भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। शुरुआती जांच में पुलिस ने ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई थी। इसके अलावा अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने की बात भी सामने आई थी।फिलहाल मुंबई पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को धमकियां दीं और इसके पीछे उसका मकसद क्या था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या कोई व्यक्ति अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर रहा है।