रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को CBI ने रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सीबीआई को सौरभ चंद्राकर की आठ दिन की रिमांड दे दी। सीबीआई इस दौरान 11 नवंबर तक चंद्राकर से पूछताछ करेगी।
जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से सीबीआई आरोपी को रायपुर के बजाय दिल्ली ले जाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी सौरभ चंद्राकर की कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल कर रखा है।







