कोरबा। कोरबा जिलान्तर्गत श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरपाली में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 35 वर्षीय संतोषी उरांव नामक महिला का सड़ा-गला शव उसके ही घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है। महिला के लापता होने के बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर पति- पत्नी में विवाद हुआ था। इसके बाद महिला के साथ मारपीट किए जाने और उसकी मृत्यु के बाद शव को सेप्टिक टैंक में छिपाए जाने का संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा हैं कि 5 सितंबर को उसका भाई अपनी बहन से मिलने ग्राम बरपाली पहुंचा था। इस दौरान पति ने उसे गुमराह करते हुए बताया कि वह रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही घर से चली गई है। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
19 सितंबर को रिश्तेदार दोबारा ग्राम पहुंचे तो घर में ताला लगा मिला और मनोज भी वहां मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर से तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद किया।
शव निकालने के दौरान तहसीलदार, डॉक्टर और फोरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घटना के बाद से महिला का पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण तथा घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।







