बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को कर्मचारियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। करहीभदर के पास अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमतरी जा रही थी कर्मचारियों से भरी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसे वाली बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लेकर बस बालोद से धमतरी की ओर रवाना हुई थी।
करहीभदर के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी और राहत-बचाव में मदद की।
एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसका शव बस के अंदर फंस गया था, जिसे बाहर निकालने में करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। वहीं हादसे में घायल हुए 20 से अधिक लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।







