पुलिस के सामने भी हमला, जांच जारी
बलरामपुर। जिला अंतर्गत राजपुर स्थित बस स्टैंड में देर शाम एक युवक और युवती के बीच खुलेआम सड़क पर विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों आपस में भिड़ गए। विवाद हिंसक हो गया। यह देख बस स्टैंड में यात्रियों और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया।
जानकारी के अनुसार शाम को बस स्टैंड में हमेशा की तरह भीड़ लगी हुई थी। इसी बीच एक युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। कुछ ही देर बाद दोनों के बीच हाथापाई और गाली गलौज शुरू हो गई। पहले युवक ने युवती पर हाथ उठा दिया। युवती ने भी युवक को थप्पड़ जड़ दिया और बाल पकड़कर सड़क पर गिरा दिया। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों पीछे हटने को तैयार नहीं थे।
इसकी सूचना राजपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों को शांत कराने की कोशिश में लगी रही, लेकिन दोनों आपस में उलझते रहे। पुलिस जब युवक को अपने साथ लेकर जाने लगी तो युवती ने युवक पर हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों ने युवक को किसी तरह युवक को बचाया। बाद में दोनों को राजपुर थाने लाया गया।
बताया जा रहा है कि युवक और युवती की लंबे समय से जान पहचान है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात कही जा रही है। यह भी कहा जा रहा है कि दोनों लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। मामले का संवेदनशील पहलू यह है कि युवक मुस्लिम समुदाय से है, जबकि युवती हिंदु समुदाय से ताल्लुक रखती है। दोनों के बीच विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर शांति भंग करने के साथ मारपीट की है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







