वाशिंगटन। साल 2024 में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप पर हमला करने वाले थॉमस मैथ्यू क्रूक्स के बारे में FBI के हाल ही में जारी इंटरव्यू डॉक्यूमेंट्स में एक नई जानकारी सामने आई है। मैथ्यू क्रूक्स वही 20 साल का बंदूकधारी था जिसने जुलाई 2024 में एक कैंपेन रैली के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश की थी।
बचपन में काफी शांत था क्रूक्स : क्रूक्स के पिता मैथ्यू ने जांचकर्ताओं को बताया कि उनका बेटा बचपन से ही बहुत शांत रहता था। FBI के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘जब थॉमस पैदा हुआ तो वह रोया नहीं था और तब से ही वह हमेशा शांत रहता था।’
क्रूक्स ने पहले भी कई बार की थी अजीब हरकत : क्रूक्स के पिता ने उसके बचपन की ऐसी घटनाओं का जिक्र किया जिसमें उसने काफी अजीब व्यवहार किया था। इन घटनाओं में एक घटना वो भी शामिल है जिसमें क्रूक्स ने बोरियत के चलते अपने स्कूल की डेस्क को नुकसान पहुँचाया था। इस घटना के पीछे उसका मकसद सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना था। क्रूक्स के मिडल स्कूल तक पहुंचते-पहुंचते उसके माता पिता को शक होने लगा कि उसे ADHD है और वे क्रूक्स के दोस्तों को लेकर चिंतित थे।
मैथ्यू ने क्रूक्स के बचपन की बातों को याद करते हुए बताया कि क्रूक्स अक्सर खुद से बाते करता था और बड़े होने पर ये हरकत और ज्यादा साफ दिखने लगी। क्रूक्स के पिता ने बताया कि वो पढ़ाई में बहुत अच्छा था।
हथियार चलाने से उपकरण बनाने तक क्रूक्स का जुनून : FBI को दिए इंटरव्यू के मुताबिक क्रूक्स को हथियारों में दिलचस्पी के साथ उपकरण बनाने और उनमें बदलाव करने में भी काफी रुचि थी। मैथ्यू ने बताया कि उसके बेटे ने एक बार कार्बन-फाइबर प्लास्टिक और घरेलू उपकरणों का इस्तेमाल करके ग्लॉक 19 बनाने की कोशिश की थी ।
FBI के इंटरव्यू के मुताबिक क्रूक्स ने एक 3D प्रिंटर भी लिया और रास्पबेरी पाई का इस्तेमाल करके एक गेमिंग कम्प्यूटर और एक सिक्योरिटी कैमरा भी बनाया। मैथ्यू ने FBI को दिए इंटरव्यू में बताया कि जैसे-जैसे हथियारों में क्रूक्स की दिलचस्पी बढ़ी उसने ऑनलाइन बड़ी संख्या में पार्ट्स, टू्ल्स और अन्य सामान मंगाना शुरू कर दिया।
उसके पिता ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन क्रूक्स नकली नामों का इस्तेमाल करता रहा। मैथ्यू ने जानकारी देते हुए ये भी बताया कि उनके बेटे ने उन्हें कई प्राइवेसी टूल्स के बारे में बताया था।
राजनीति में क्रूक्स की थी दिलचस्पी : FBI की पूछताछ में एक व्यक्ति ने बताया कि क्रूक्स को इतिहास और राजनीति में काफी दिलचस्पी थी और वह ट्रंप, जो बाइडेन और मार्को रुबियो जैसे राजनीतिक नेताओं के बारे में काफी बात करता था।
क्रूक्स के पिता ने FBI को बताया कि क्रूक्स खुद को रिपब्लिकन मानता था और कल्याणकारी कार्यक्रमों और तथाकथित वोक विचारधारा का विरोध करता था, लेकिन उसने रिपब्लिकन राजनीति को पूरी तरह कभी अपनाया नहीं था।
इसके बजाय, वह आम तौर पर सरकारी नीतियों पर चर्चा करना और राजनेताओं का मज़ाक उड़ाना पसंद करता था। क्रूक्स एक रिपब्लिकन के तौर पर रजिस्टर्ड था, हालांकि उसके पिता का मानना था कि ऐसा कुछ हद तक उनकी अपनी राजनीतिक संबद्धता की वजह से था।
गोली ट्रंप के कान को छूकर निकल गई थी, लेकिन रैली में शामिल एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और अन्य दो गंभीर रूप से घायल हुए थे। हालांकि घटना के कुछ ही सेकेंड बाद सीक्रेट सर्विस के जवानों ने क्रूक्स को मार गिराया।







