बिलासपुर । जीएसटी की स्टेट टीम ने बिलासपुर और मुंगेली के 6 व्यापारियों के ठिकानों पर छापा मारा है। इसमें मुंगेली के तीन होटलों के साथ ही व्यापार विहार के तीन व्यापारी शामिल हैं। इसमें व्यापार विहार के तीन व्यापारी जिसमें गुटखा, ड्राइफुटस और तेल व्यापारी शामिल हैं पर कार्रवाई अंतिम दौर में हैं, जबकि मुंगेली के बावा होटल पर 60 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाने के साथ ही टैक्स संबंधी कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, जीएसटी की चोरी सिद्ध होने पर पूरे जुर्माने की राशि की वसूली कर ली गई है और यह राशि सरकारी खजाने में जमा भी करवा दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक राज्य भर में स्टेट जीएसटी और सेंट्रल जीएसटी विभाग द्वारा टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में गड़बड़ी को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत जांच में बात सामने आई कि मुंगेली के कुछ होटलों और रेस्टोरेंट में टैक्स चोरी की जा रही है। इसमें कच्चे बिल काटकर कथित तौर पर टैक्स बचाने की शिकायतों के बाद विभाग ने कई प्रतिष्ठानों पर जांच और कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में मुंगेली के बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स, पड़ाव चौक स्थित दिनेश ज्वेलर्स और धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे में जांच की गई।
छत्तीसगढ़ राज्य कर विभाग संदिग्ध फर्मों और ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ कड़े कदम उठा रहा है। हेवी ट्रांसपोर्ट कंपनियों और उनसे जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की जा रही है। बिना वैध ई-वे बिल और फर्जी इनवॉइस के जरिए माल परिवहन करने वाले सिंडिकेट विभाग के निशाने पर हैं।







