चंबा। भरमौर में पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनका के समीप गुरूवार देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 से 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान भरमौर निवासी रविंद्र कुमार शर्मा और गोसण गांव निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बोलेरो वाहन में तेल भरवाने के लिए लाहल स्थित पेट्रोल पंप गए हुए थे। पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद जब वे वापस भरमौर की ओर लौट रहे थे, तो देर रात दिनका स्थित काली मंदिर के समीप चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बोलेरो सड़क़ से नीचे गहरी खाई में लुढ़क़ती चली गई।







