Home » बागेश्वर बाबा की तस्वीरें जलाने वालों पर होगी कार्रवाई, सीएम शुभेंदु ने गिरफ्तारी का दिया निर्देश
देश

बागेश्वर बाबा की तस्वीरें जलाने वालों पर होगी कार्रवाई, सीएम शुभेंदु ने गिरफ्तारी का दिया निर्देश

कोलकाता। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा की तस्वीरें जलाने वालों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। मालूम हो कि बागेश्वर बाबा ने अपने बंगाल दौरे के दौरान दुर्गापूजा और नवरात्रि में बंगाल के हिंदुओं से मांसाहार और मदिरा छोड़ऩे की अपील की थी। उन्होंने धार्मिक आयोजनों और पूजा पंडालों के पास मांस-मछली खाने और बेचने वालों को पाखंडी और ढोंगी कह दिया था, जिसकी काफी आलोचना हुई थी। उनके खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

कोलकाता के भवानीपुर थाने के सामने बागेश्वर बाबा की तस्वीरें भी जलाई गईं। प्रदर्शनकारियों ने इसे बंगाली खान-पान, पहचान और संस्कृति के विरुद्ध टिप्पणी करार दिया। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई धार्मिक नेता अपने धर्म, परंपरा व संस्कृति के बारे में अपनी राय रख सकता है। मुख्यमंत्री ने भवानीपुर थाने के सामने बागेश्वर बाबा की तस्वीरें जलाए जाने का उल्लेख करते हुए कोलकाता के पुलिस आयुक्त को संबंधित लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। दो-टूक कहा कि बंगाल में इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके द्वारा लंबे समय तक की गई तुष्टीकरण की राजनीति का परिणाम आज उनकी पार्टी को भुगतना पड़ रहा है।

जंगीपुर के भाजपा विधायक चित्त मुखोपाध्याय ने कहा है कि वह दुर्गापूजा के बाद अपने क्षेत्र में बागेश्वर बाबा का कार्यक्रम कराने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। यह भी कहा कि पूजा के बाद संत कार्तिक महाराज को भी लाने की कोशिश की जाएगी। स्पष्ट किया कि कार्यक्रम कराने के लिए वह अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं।

Search