भागलपुर। गंगा के बढ़े जलस्तर के बीच बाढ़ का पानी अब जानलेवा साबित हो रहा है। बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में सड़क पर जमा गहरे बाढ़ के पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। उसका मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। थानाध्यक्ष, पंचायत के मुखिया समेत स्थानीय लोग भी मायागंज अस्पताल पहुंचे।
एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। वहीं, बाढ़ के बीच सड़कों पर जमा पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से लगातार हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलजमाव वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था करने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है।







