Home » आधी रात हॉस्टल में घुसा कोबरा! 6 छात्राओं को डसा, 3 की मौत, 3 की हालत गंभीर
देश

आधी रात हॉस्टल में घुसा कोबरा! 6 छात्राओं को डसा, 3 की मौत, 3 की हालत गंभीर

मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन

गडचिरोली। महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धानोरा तालुका के जपटलाई स्थित सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय आश्रम स्कूल के हॉस्टल में देर रात जहरीले सांप ने छात्राओं को डस लिया। घटना में 3 छात्राओं की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 3 अन्य छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सोते समय जहरीले सांप ने बनाया शिकार

जानकारी के मुताबिक, जपटलाई स्थित इस आवासीय आश्रम स्कूल में बड़ी संख्या में छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। रोज की तरह छात्राएं रात में अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात हॉस्टल में जहरीला सांप घुस आया और सो रही छात्राएं सर्पदंश की चपेट में आ गईं। सांप के डसने के बाद छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी प्रभावित छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान 3 छात्राओं ने दम तोड़ दिया, जबकि 3 अन्य छात्राओं का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद हॉस्टल और आश्रम स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के जनजातीय विकास मंत्री अशोक उइके ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित परियोजना अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है।

Search