Home » प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, टेकऑफ से पहले हुआ हादसा
देश

प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, टेकऑफ से पहले हुआ हादसा

पुणे/बारामती। निजी कंपनी का एक प्रशिक्षण विमान रविवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान बारामती हवाई पट्टी में एक विमान (वीटी-एसईएक्स) रनवे से बाहर निकल गया। विमान में कैप्टन चिराग शशिकांत डोइफोडे और कैडेट अभिजीत जुंद्रे सवार थे। वे विमान के चक्कर लगाने और आपात स्थिति में लैंडिंग के अभ्यास कर रहे थे।
एसपी ने बताया कि अभ्यास के दौरान विमान पूरी तरह रुक नहीं पाया। वह रनवे 29 के अंतिम हिस्से से आगे निकल गया और पक्की सतह से बाहर चला गया। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पहले भी हुआ था प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त
इससे पहले 13 मई को भी निजी कंपनी का एक दूसरा प्रशिक्षण विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी। विमान में केवल प्रशिक्षु पायलट सवार था और वह हादसे के बाद सुरक्षित बच गया था। यह दुर्घटना बारामती हवाई पट्टी वाले इलाके से सटे गोजुबावी गांव के पास हुई थी। लैंडिंग से ठीक पहले विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया था।एक अधिकारी ने कहा था, चश्मदीदों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान उसमें तकनीकी खराबी आ गई। क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान का एक हिस्सा कथित तौर पर बिजली के खंभे से टकराया और इसके बाद वह जमीन से जा टकराया।

Search

Archives