Home » बुक डिपो में लगी भीषण आग, शटर तोड़कर आग बुझाने में जुटी SDRF
छत्तीसगढ़

बुक डिपो में लगी भीषण आग, शटर तोड़कर आग बुझाने में जुटी SDRF

जगदलपुर। शहर के अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) के पास स्थित सूरज इंटरप्राइजेज में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देख तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।

आग बुझाने के लिए तोड़ा गया बुक डिपो का शटर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। दुकान बंद होने के कारण अंदर पहुंचना मुश्किल था, जिसके चलते एसडीआरएफ की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दुकान में बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां और कागज रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और उसने विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर कारणों की जांच करेंगे।

Search

Archives