कोरबा । केंदई वन परिक्षेत्र के ग्राम छिंदिया में बुधवार को एक भालू के खुले कुएं में गिर जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में भालू को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि भालू इस दौरान किसी प्रकार से जख्मी नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर ग्रामीणों को दूर रहने की समझाइश दी, ताकि कोई अप्रिय घटना से बचा जा सके। कुएं की अधिक गहराई और भयभीत भालू के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया। शुरुआती प्रयासों में रस्सियों और अन्य पारंपरिक तरीकों से उसे बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसके बाद वन विभाग ने रणनीति बदलते हुए जेसीबी मशीन की मदद से कुएं के एक हिस्से की मिट्टी खोदकर ढलाननुमा रास्ता तैयार किया। साथ ही कुएं के भीतर मजबूत बांस की सीढ़ी लगाई गई, ताकि भालू आसानी से ऊपर चढ़ सके। रेस्क्यू के दौरान पूरे क्षेत्र से भीड़ हटाकर शांत वातावरण बनाया गया, जिससे भालू बिना घबराहट के बाहर निकल सके। कई घंटे तक चले अभियान के बाद रात लगभग 12 बजे भालू ने बांस की सीढ़ी और जेसीबी से बनाए गए ढलान का सहारा लेकर कुएं से बाहर छलांग लगाई और सीधे पास के जंगल की ओर चला गया। भालू के सुरक्षित बाहर निकलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव कुएं, गड्ढे या अन्य स्थान पर फंसा दिखाई दे तो स्वयं उसे निकालने का प्रयास न करें, न ही भीड़ लगाएं। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। विभाग ने खुले कुओं के चारों ओर मजबूत दीवार या सुरक्षा घेरा बनाने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।







