Home » कटघोरा थाने से 100 मीटर दूर सरकारी दफ्तरों में चोरी, 5 एसी आउटडोर यूनिट ले उड़े चोर
कोरबा छत्तीसगढ़

कटघोरा थाने से 100 मीटर दूर सरकारी दफ्तरों में चोरी, 5 एसी आउटडोर यूनिट ले उड़े चोर

कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें खाकी का खौफ बिल्कुल नहीं रहा। पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित तहसील कार्यालय प्रांगण के भीतर बने दो बड़े सरकारी दफ्तरों को चोरों ने निशाना बनाया है। चोरों ने एसडीएम कार्यालय और कृषि विभाग कार्यालय से करीब 5 एसी (एयर कंडीशनर) के आउटडोर यूनिट चोरी कर लिए हैं।

दो दिनों के भीतर दो बड़ी चोरियां

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने सिलसिलेवार ढंग से इस वारदात को अंजाम दिया।

दो दिन पहले: चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एसडीएम कार्यालय से 2 एसी आउटडोर यूनिट पार कर दिए।
बीती रात: इस पहली चोरी के बाद भी सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने ठीक बगल में स्थित कृषि विभाग कार्यालय पर धावा बोला और वहां से 3 और एसी आउटडोर यूनिट उखाड़ ले गए।

पुलिस पेट्रोलिंग और गश्ती पर गंभीर सवाल

हैरानी की बात यह है कि तहसील प्रांगण कटघोरा थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर है। इतने संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में लगातार दो दिन तक चोरी होना पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है।

सिंघिया में भी हुई बड़ी चोरी

क्षेत्र में चोरों का आतंक सिर्फ सरकारी दफ्तरों तक ही सीमित नहीं है। आज ही एक अन्य मामले में सिंघिया इलाके से चोर एक सुरंग (सेंध) बनाकर एक साथ 30 बकरियां ले भागे।

पुलिस की निष्क्रियता से आम जनता में आक्रोश

गौरतलब है कि बीते 1 तारीख को ही इलाके के एक ज्वेलर्स दुकान में लूट की बड़ी वारदात हुई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस के उच्च अधिकारी मामले की जांच के लिए कटघोरा थाने में ही डेरा डाले हुए हैं। इतने बड़े अधिकारियों की मौजूदगी और अलर्ट के बावजूद, थाने की नाक के नीचे सरकारी दफ्तरों में लगातार चोरी होना कोरबा पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करता है।

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। लोगों का कहना है कि जब खुद पुलिस थाने के पास स्थित सरकारी दफ्तर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों के जान-माल की सुरक्षा भगवान भरोसे है। फिलहाल पुलिस इन मामलों की जांच और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Search

Archives