Home » प्राइवेट जेट में भी नहीं छूटा क्रिकेट का जुनून : सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सचिन तेंदुलकर का यह पारिवारिक वीडियो
खेल

प्राइवेट जेट में भी नहीं छूटा क्रिकेट का जुनून : सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सचिन तेंदुलकर का यह पारिवारिक वीडियो

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्रिकेट उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के कई साल बाद भी उनका खेल के प्रति जुनून कम नहीं हुआ है।

हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने परिवार के साथ प्राइवेट जेट के अंदर क्रिकेट खेलते नजर आए। सचिन द्वारा शेयर किया गया यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उनके परिवार के साथ बिताए गए हल्के-फुल्के और मनोरंजक पल देखने को मिलते हैं, जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

प्राइवेट जेट बना क्रिकेट का मैदान :  वीडियो में सचिन तेंदुलकर प्राइवेट जेट के केबिन के भीतर बल्ला थामे बल्लेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। उनके सामने सॉफ्ट रेड बॉल से गेंदबाजी उनकी बहू सानिया चांदोक कर रही हैं, जबकि बेटी सारा तेंदुलकर फील्डिंग करती नजर आती हैं। वीडियो शेयर करते हुए सचिन ने कैप्शन में लिखा, ‘ऊंचाई चाहे कितनी भी हो, जुनून और जज्बा नहीं बदलना चाहिए।’

सारा ने की विकेट की अपील, सचिन ने दिया मजेदार जवाब :  वीडियो के दौरान एक गेंद पर सारा मजाकिया अंदाज में सचिन को आउट देने की अपील करती हैं। इस पर सचिन मुस्कुराते हुए कहते हैं, ‘तुम मुझे कभी आउट नहीं कर पाओगी। कभी भी नहीं।’ उनकी यह बात सुनकर विमान में मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं।

उल्टा बल्ला पकड़कर खेलने लगे सचिन :  इसके बाद सचिन ने मजाक को आगे बढ़ाते हुए बल्ले को उल्टा पकड़ लिया और खेलने लगे। उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘अगर मैं ऐसे बल्लेबाजी करूं तो शायद मुझे आउट करने की थोड़ी संभावना बन सकती है।’ उनका यह अंदाज देखकर परिवार के सभी सदस्य ठहाके लगाने लगे।

आखिरकार सारा ने लिया कैच : कुछ देर बाद सारा के पास सचिन का कैच लेने का मौका आया, लेकिन वह कैच छोड़ बैठीं। हालांकि अगली ही गेंद पर उन्होंने शानदार कैच पकड़कर सचिन को आउट कर दिया। सचिन के आउट होते ही सारा खुशी से झूम उठीं। यह पल वीडियो का सबसे मनोरंजक हिस्सा बन गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो : सचिन तेंदुलकर का यह पारिवारिक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी सादगी, हास्य भावना और क्रिकेट के प्रति उनके अटूट प्रेम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए कहा कि सचिन के लिए क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि उनकी पहचान है। यही वजह है कि परिवार के साथ यात्रा के दौरान भी उनके हाथ में बल्ला नजर आता है।

फैंस को पसंद आया सचिन का पारिवारिक अंदाज : वीडियो में सचिन का मजाकिया और पारिवारिक रूप देखने को मिला, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। क्रिकेट से जुड़े रहने का उनका यह अंदाज एक बार फिर लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहा है।

Search

Archives