माफी मांगता रहा, लेकिन किसी ने नहीं सुनी
कोरबा। कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में बाइक चोरी के आरोप में एक युवक को सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटे जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले को लेकर पूरे जिले में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पर बाइक चोरी का आरोप लगाकर उसे अर्धनग्न अवस्था में खंभे से बांध दिया गया और सुरक्षा कर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना अस्पताल परिसर में हुई, जहां कानून व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी पर है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि युवक पर चोरी का संदेह था तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना था, लेकिन स्वयं सजा देने का अधिकार किसने दिया? कानून अपने हाथ में लेकर किसी भी आरोपी को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना और मारपीट करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस अब वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दोशियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल जैसे संवेदनषील परिसर में इस तरह की घटनाएं होती हैं तो यह कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं मानवाधिकार और सामाजिक संगठनों ने भी घटना की निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।







