Home » बिलासपुर में पूर्व मेयर राजेश पांडेय पर FIR…! बेटे राहुल पर भी मारपीट का आरोप
छत्तीसगढ़

बिलासपुर में पूर्व मेयर राजेश पांडेय पर FIR…! बेटे राहुल पर भी मारपीट का आरोप

सीसीटीवी वायरल होते ही मचा हड़कंप

बिलासपुर। शहर के पूर्व महापौर एवं कांग्रेस नेता राजेश पांडेय तथा उनके पुत्र राहुल पांडेय के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

सोसायटी मीटिंग के बाद बवाल

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवम एन्कलेव निवासी अमित शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि सोसायटी की बैठक समाप्त होने के बाद राजेश पांडेय और राहुल पांडेय ने उनका रास्ता रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उन पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और कंधे में चोट आई। घटना के दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। अमित शर्मा के अनुसार मारपीट में उनके चेहरे, घुटने और पीठ पर भी चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस बीच घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजेश पांडेय और राहुल पांडेय के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives