रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों की राहत के बाद अब सूरज के तेवर तल्ख होने वाले हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4 दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी होगी। विशेष रूप से 12 अप्रैल से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों में ‘हीट वेव’ (लू) जैसी स्थिति बनने की संभावना है।
क्यों बढ़ रही है तपिश?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ओडिशा के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, लेकिन छत्तीसगढ़ में नमी का स्तर लगातार कम हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप उत्तर-दक्षिण गर्त का असर अब शुष्क मौसम की ओर ले जा रहा है। आने वाले दिनों में तेज धूप और शुष्क गर्म हवाएं सीधे तौर पर मैदानी इलाकों को प्रभावित करेंगी।
इन शहरों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
बिलासपुर संभागः यहां गर्मी का प्रभाव सबसे अधिक रहने की उम्मीद है, पारा 42 डि.से. के पार जा सकता है।
रायपुर और दुर्गः राजधानी और आसपास के जिलों में दोपहर के समय तेज लू चलने की आशंका है।
राजनांदगांवः वर्तमान में 37.5 डि.से. के साथ यह प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र बना हुआ है।
अंबिकापुरः यहां का मौसम फिलहाल संतुलित है, जहां न्यूनतम तापमान 19 डि.से. दर्ज किया गया है।
सावधानी बरतने की सलाह
0 तापमान में अचानक हो रही इस वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आमजन को सतर्क रहने को कहा हैः
0 समय का ध्यानः दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें।
0 हाइड्रेशनः पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
0 पहनावाः हल्के रंग के सूती कपड़ों का प्रयोग करें और धूप में निकलने पर सिर ढंककर रखें।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। बिजली की खपत बढ़ने और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।







