पंजाब के एक डॉक्टर हैं, जिन्होंने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के सेट पर अर्जुन रामपाल का इलाज किया था। उन्होंने इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ एक सरप्राइज कैमियो रोल किया है। जानिए डॉक्टर को यह रोल कैसे मिला।
कैसे सेट पर पहुंचे डॉक्टर सनी : द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता अर्जुन रामपाल को सिर में चोट लग गई। लुधियाना जिले के कलाख गांव में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. सनी अशोक को 8 जुलाई 2025 को पाखोवाल के पास रेलवे ट्रैक पर बुलाया गया। डॉ. सनी ने बताया कि शुरू में चोट गंभीर लग रही थी और डर था कि अर्जुन रामपाल को अस्पताल में भर्ती करना पड़ेगा। लेकिन जांच करने के बाद पता चला कि चोट मामूली है। जिससे सभी को राहत मिली।
कैसे पंजाब के एक सरकारी डॉक्टर को मिला ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में रोल : कुछ दिनों बाद डॉ. सनी को फिर शूटिंग लोकेशन पर बुलाया गया। इस बार शाहनेवाल हवाई अड्डे पर उन्हें बुलाया गया था। वहां उन्होंने रणवीर सिंह से फोटो खिंचवाने के लिए कहा। रणवीर सिंह ने मजाक में कहा, ‘भाई, सिर्फ एक फोटो क्यों? हम आपको फिल्म में ही ले लेंगे।’
फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने वाकई में डॉ. सनी को फिल्म में एक छोटा रोल दे दिया। फिल्म के एक सीन में डॉ.सनी ने रणवीर सिंह के घायल किरदार का इलाज करना था। डॉ. सनी ने इसी सीन में एक डॉक्टर की भूमिका निभाई। यह सीन सिर्फ कुछ सेकंड का है और एक ही टेक में पूरा हो गया।







