Home » IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स को मिलेगा नया मालिक, बन जाएगी सबसे महंगी फ्रेंचाइजी, कीमत 15 हजार करोड़ पार
खेल

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स को मिलेगा नया मालिक, बन जाएगी सबसे महंगी फ्रेंचाइजी, कीमत 15 हजार करोड़ पार

आईपीएल 2026 का सीजन शुरू होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही राजस्थान रॉयल्स को नया मालिक मिल गया है। अमेरिकी मूल के बिजनेसमैन काल सोमानी राजस्थान रॉयल्स की टीम को खरीदने जा रहे हैं।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सोमानी के नेतृत्व वाला कंसोर्टियम (समूह) यह करार 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15290 करोड़ रुपये) में करने जा रहा है। यह डील आईपीएल इतिहास की अब तक की सबसे महंगी डील बन गई है। हालांकि, यह करार आईपीएल 2026 के बाद लागू होगा। यानी इस सीजन इसका स्वामित्व पुराने मालिक के पास ही रहेगा।

पिछले साल टोरेंट ग्रुप ने सीवीसी कैपिटल से गुजरात टाइटंस में 67 प्रतिशत मालिकाना हक हासिल किया था। यह करार 5025 करोड़ रुपये का था जिससे फ्रेंचाइजी की वेल्यू बढ़कर 7500 करोड़ रुपये हो गई थी। सीवीसी कैपिटल ने 33 प्रतिशत हक बरकरार रखा था। सीवीसी कैपिटल ने 2021 में गुजरात टाइटंस को 5625 करोड़ रुपये में खरीदा था।

हर्षा भोगले ने करार को लेकर किया ट्वीट :  मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘राजस्थान रॉयल्स की टीम 1.63 बिलियन अमेरिकी डॉलर में बिक गई है। लंदन स्पिरिट जो सबसे महंगी टीम है इसका मूल्य 370 मिलियन अमेरिकी डॉलर था जब द 100 में हिस्सेदारी बेची गई थी।’ वहीं, एक कार्यक्रम के दौरान जब पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने खुशी जाहिर की। गांगुली ने कहा, आईपीएल के लिए बड़ी खुशखबरी है। ये चौंका देने वाले आंकड़े है।
काल सोमानी का खेलों से रहा है जुड़ाव :  पिछले 15 वर्षों में सोमानी ने एड-टेक, डेटा गोपनीयता, एआई गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक पर केंद्रित उद्यमों की स्थापना और नेतृत्व किया है। यह पहली बार नहीं है जब सोमानी ने खेलों में रुचि जताई है। इससे पहले वह मोटर सिटी गोल्फ क्लब के सह-स्वामित्व और टीएमआरडब्ल्यू स्पोर्ट्स और टीजीएल गोल्फ लीग में निवेश कर चुके हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई की मानें तो  राजस्थान रॉयल्स की बिक्री बीसीसीआई (BCCI) की मंजूरी के अधीन है और यह 2026 संस्करण के बाद प्रभावी होगी। यानी इसका स्वामित्व काल सोमानी को आईपीएल 2026 के बाद मिलेगा।

जल्द बिक सकती है आरसीबी :  आईपीएल की एक और प्रमुख फ्रेंचाइजी और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। बताया जा रहा है कि इस सौदे का मूल्य दो अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 18,749 करोड़ रुपये) से अधिक होने की संभावना है।

Search

Archives