Home » सोमनाथ मंदिर और भाजपा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी में कुछ नहीं मिला
देश

सोमनाथ मंदिर और भाजपा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी में कुछ नहीं मिला

अहमदाबाद। सोमनाथ मंदिर और अहमदाबाद और गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी सोमवार को ईमेल के माध्यम से दी गई। धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पूरे गुजरात में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस, बम डिटेक्शन और डिफ्यूज टीमों और डॉग स्क्वाड द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया।

धमकी में अहमदाबाद के खानपुर इलाके में स्थित भाजपा कार्यालय, गांधीनगर के कोबा स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय, कमलम और सोमनाथ मंदिर का उल्लेख किया गया था। पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान इन स्थानों पर कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

अहमदाबाद सी-डिवीजन के एसीपी अद्वैत गांधी ने बताया कि गांधीनगर स्थित राज्य खुफिया ब्यूरो को सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली, जिसके बाद खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय की गहन जांच की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। गांधी ने कहा कि सुबह 9 बजे हमें गांधीनगर स्थित राज्य खुफिया ब्यूरो से सूचना मिली। उसके अनुसार, खानपुर स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय में बम विस्फोट की आशंका थी। हमने बीडीटीएस को सूचित किया और पूरे परिसर की जांच कराई, साथ ही पुलिस बल भी तैनात किया गया है। स्थिति सामान्य है।

Search