बिलासपुर। शहर में एक बार फिर चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई है। तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालखदान गदा चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवती के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। युवती के अनुसार वह सोमवार शाम अपने एक परिचित से मिलने लालखदान गदा चौक पहुंची थी। मुलाकात के बाद जब वह घर लौट रही थी, तभी पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने अचानक उनके गले से सोने की चेन खींच ली। घटना के बाद बदमाश तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घबराई युवती ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह सीधे तोरवा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।







