Home » कटक मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की जलकर मौत
भुबनेश्वर

कटक मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की जलकर मौत

कटक। कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में सोमवार को आग लगने से 10 मरीजों की जलकर मौत हो गई। फिलहाल 5 मरीजों की हालत अब भी काफी गंभीर बनी हुई है। हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ, जब ट्रॉमा केयर के इमरजेंसी विभाग की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई।

आईसीयू3 में एडमिट थे जान गंवाने वाले ज्यादातर मरीज

बताया जा रहा है कि जान गंवाने वाले ज्यादातर मरीज ट्रॉमा केयर के आईसीय में भर्ती थे और अपनी गंभीर स्थिति के कारण वहां से हिलने-डुलने में भी असमर्थ थे। जैसे ही आग लगी, अस्पताल के फायर सेफ्टी सिस्टम को सक्रिय किया गया और मौके पर मौजूद फायर विभाग ने तुरंत मोर्चा संभाला, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।

चीखते रहे बेबस मरीज, नहीं बची जान

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर घंटों तक आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। इस दौरान पूरे अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया था। मरीजों के परिजन अपने अपनों की सलामती के लिए घबराकर इधर-उधर भाग रहे थे।

स्थिति को बिगड़ता देख अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाई और आईसीयू में भर्ती अन्य मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना शुरू कर दिया। जिन मरीजों की हालत बहुत ज्यादा नाजुक थी, उन्हें आनन-फानन में अस्पताल के न्यू मेडिसिन आईसीयू में शिफ्ट किया गया है, ताकि उनका इलाज न रुके।

Search

Archives