जशपुर। जशपुर पुलिस ने केराडीह (रैनीडांड) में हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की मुख्य सूत्रधार प्रार्थिया की अपनी भतीजी ही निकली, जिसने आईफोन और ऐशो-आराम के लालच में अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने ही बड़े पिताजी के घर को निशाना बनाया।
मुख्य बिंदुः
कुल बरामदगीः ₹51 लाख 82 हजार से अधिक का मशरूका (हैरियर कार, सोने के बिस्कुट, जेवरात और नकदी)।
गिरफ्तार आरोपीः मिनल निकुंज (भतीजी), अनिल प्रधान (बॉयफ्रेंड), अभिषेक इंद्रवार, लंकेश्वर बड़ाईक और अलीशा भगत।
घटना का स्थानः ग्राम केराडीह, थाना नारायणपुर।
किस्तों में हुई चोरी, उड़ाए 15 लाख नगद और सोना
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपिया मिनल निकुंज जशपुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी और अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ लिव-इन में रहती थी। अप्रैल 2025 में जब वह अपने पैतृक घर सफाई करने गई, तो उसे दीवान के भीतर नोटों से भरी अटैची दिखी।
पहली बारः उसने ₹2 लाख पार किए और वापस जशपुर आ गई।
दूसरी बारः दादी से चाबी चुराकर ₹3 लाख और निकाले।
तीसरी बारः लालच बढ़ने पर 20 मई 2025 को उसने अपने बॉयफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर पूरी अटैची ही पार कर दी, जिसमें ₹15 लाख नगद और भारी मात्रा में सोने के बिस्कुट व जेवर थे।
चोरी के पैसों से खरीदी कार, रायपुर के विला में मनाया जन्मदिन
चोरी की रकम हाथ लगते ही आरोपियों ने मौज-मस्ती शुरू कर दी। मिनल का जन्मदिन मनाने के लिए सभी आरोपी रायपुर के एक महंगे विला में रुके, जहां दो दिन में ही ₹5 लाख खर्च कर दिए। इसके बाद ओड़िशा के राउरकेला में सोने के बिस्कुट बेचकर ₹8 लाख प्राप्त किए और ₹25 लाख की नई हैरियर कार खरीदी।
ऐसे पकड़ में आए आरोपी
जब प्रार्थिया सुषमा निकुंज को चोरी का पता चला, तो उन्होंने अपनी भतीजी पर शक जाहिर करते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपियों को रांची (झारखंड) के एक होटल से घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस की अपीलः मामले में अभी कुछ अन्य आरोपी फरार हैं, जिन्हें पुलिस ने चिन्हित कर लिया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया है।







