तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके की रैली में भगदड़ से 39 लोगों की मौत हुई है। साथ ही 90 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली में शनिवार देर शाम को भगदड़ मच गई। CM स्टालिन के मुताबिक, हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई। इनमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं।
तमिलनाडु पुलिस के मुताबिक, विजय की रैली के लिए 10 हजार लोगों की परमिशन थी, लेकिन, 1 लाख 20 हजार स्क्वायर फीट एरिया में 50 हजार से ज्यादा लोग जमा हो गए। इस दौरान एक्टर 6 घंटे की देरी से पहुंचे। विजय को बताया गया कि 9 साल की एक बच्ची गुम हो गई थी। उन्होंने मंच से उसे तलाशने की अपील की, जिसके बाद वहां भगदड़ के हालात बन गए।
हादसे के बाद एक्टर विजय करूर से सीधे त्रिची हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से चेन्नई रवाना हो गए। वे न ही घायलों से मिले और न ही सार्वजनिक तौर पर कोई सांत्वना दी। हालांकि उन्होंने X पर लिखा- मेरा दिल टूट गया है। मैं बहुत दर्द और दुःख महसूस कर रहा हूं। मैं करूर में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायल लोगों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।
6 कारण, जिनकी वजह से 39 लोगों की जान गई
- एक्टर विजय तय वक्त से करीब 6 घंटे की देरी से करूर पहुंचे, जिससे उन्हें देखने के लिए बहुत भारी भीड़ जमा हो गई।
- शाम 7.45 बजे के करीब कुछ लोग विजय की बस की तरफ बढ़ने लगे, जिससे भगदड़ के हालात बन गए।
- धक्का-मुक्की में कई लोग बेहोश हो गए। कई लोगों को गर्मी और भीड़ की वजह से सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
- भगदड़ में कई बच्चे परिवार से बिछड़ गए, कई भीड़ में दब गए, लोग उन्हें कुचलते चले गए।
- विजय के मंच के पास बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए न पुलिस मौजूद थी, न वॉलंटियर्स। नतीजतन भीड़ बेकाबू हो गई।
- प्रशासन को 30 हजार लोगों के आने का अनुमान था, लेकिन 50 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे। दोगुनी भीड़ संभालने के इंतजाम नहीं थे।
तमिलनाडु सरकार ने जांच कमीशन बनाया
- मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस हादसे की जांच के लिए जस्टिस अरुणा जगदीसन की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया।
- स्टालिन ने मृतकों के परिवारों को 10‑10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। वहीं, घायलों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।
- CM स्टालिन देर रात को ही करूर पहुचें और हालात का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
घटना पर विजय की प्रतिक्रिया – घटना के बाद करूर से तुरंत चेन्नई रवाना हुए विजय ने रविवार सुबह इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख जताया। साथ ही कहा कि उनकी पार्टी और कार्यकर्ता सभी प्रियजनों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का एलान किया गया है।







