Home » डिप्टी कलेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने दर्ज कराया केस
छत्तीसगढ़

डिप्टी कलेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने दर्ज कराया केस

करोड़ों रुपए और लग्जरी कार मांगने का दावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इस मामले में रायपुर के महिला थाने में पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत के मुताबिक, महिला पर मायके से लग्जरी कार और दो से तीन करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं।

शिकायत में पूजा बंजारे ने बताया कि उनकी शादी जुलाई 2024 में धमतरी निवासी मनोज बंजारे के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों से हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष ने सोने के आभूषण और घरेलू जरूरत का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के अगले दिन से ही कम दहेज मिलने को लेकर उन्हें ताने दिए जाने लगे। शिकायत के अनुसार, ससुराल पक्ष का कहना था कि पति के डिप्टी कलेक्टर होने के कारण शादी में इससे अधिक दहेज मिलना चाहिए था।

मायके की जमीन बेचकर रुपए लाने का बनाया दबाव

पूजा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में पति ने मायके की जमीन बेचकर दो से तीन करोड़ रुपये लाने के लिए दबाव बनाया। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उनके साथ मारपीट की गई। महिला का कहना है कि इस दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

गर्भावस्था के दौरान भी प्रताड़ना के आरोप

शिकायत के मुताबिक, गर्भावस्था के दौरान भी पूजा को परेशान किया गया। मई 2025 में समय से पहले प्रसव होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आरोप है कि इस दौरान डिलीवरी का खर्च मायके पक्ष को उठाना पड़ा और पति व ससुराल के सदस्यों ने उचित सहयोग नहीं किया। बाद में महिला को नवजात बच्चे के साथ मायके छोड़ दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद उनके फोन नंबर ब्लॉक कर दिए गए।

मायके पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

पूजा ने आरोप लगाया कि अप्रैल और सितंबर 2026 में उनके पति अपने भाइयों के साथ मायके पहुंचे। इस दौरान गाली-गलौज, तोड़फोड़ और हमला किए जाने का दावा किया गया है। मामले को सुलझाने के लिए परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग भी कराई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

महिला थाने में एफआईआर, पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में रायपुर महिला थाना पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके परिजनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित घटनाओं की जांच कर रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Search