Home » आफत की बारिश : कई घर जमींदोज, आठ लोग लापता, तीन की मौत
देश

आफत की बारिश : कई घर जमींदोज, आठ लोग लापता, तीन की मौत

रुद्रप्रयाग/चमोली/श्रीनगर।  चमोली और रुद्रप्रयाग जनपदों में हो रही भारी बारिश के कारण अलकनंदा और गंगा अपने रौद्र रूप में बह रही हैं जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया है जिससे प्रशासन को अलर्ट रहना पड़ रहा है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

तड़के हुई मूसलाधार बारिश के बाद पहाड़ी से आए मलबे के सैलाब में 15 से अधिक दुकानें और मकान बह गए। जिससे 8 लोग लापता हो गए हैं, जिनमें चार नेपाली मजदूर और एक वनकर्मी शामिल हैं। इस घटना में सड़क और पैदल मार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं जिससे बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

वहीं जखोली ब्लॉक के टेंडवाल गांव में एक आवासीय मकान जमींदोज होने से एक महिला सरिता देवी की मलबे में दबकर मौत हो गई। इधर चमोली के देवाल विकासखंड के मोपाटा गांव में भी भूस्खलन से एक दोमंजिला मकान ढह गया। जिसमें पति-पत्नी तारा सिंह और कमला देवी की मलबे में दबकर मौत हो गई। उनके पास ही रहने वाले एक अन्य दंपती घायल हो गए जिन्हें रेस्क्यू टीम ने अस्पताल पहुंचाया।

मूसलाधार बारिश से ग्राम पंचायत तालजामण में व्यापक नुकसान हुआ है। यहां 12 से अधिक आवासीय मकान मलबे से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं गौशालों में बंधे 20 मवेशियों की मौत हो गई है। प्रशासन ने गांव के 65 से अधिक परिवारों को स्कूल और पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया है। गांव के चारों तरफ बह रहे बरसाती नाले उफान पर बह रहे हैं।

बारिश से नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी उफान पर है जिसका जलस्तर खतरे के निशान (536 मीटर) से मात्र 20 सेंटीमीटर नीचे है। धारी देवी मंदिर के पास नदी का पानी मंदिर के पुल तक पहुंच गया है और आसपास की दुकानों में भी घुस गया है।प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को नदी के किनारों से दूर रहने की चेतावनी दी है और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

Search

Archives