Home » बालिग हूं, अपनी मर्जी से की शादी… परेशान हुई तो कर लूंगी खुदकुशी, युवती का वीडियो वायरल
बिहार

बालिग हूं, अपनी मर्जी से की शादी… परेशान हुई तो कर लूंगी खुदकुशी, युवती का वीडियो वायरल

बगहा। बगहा में एक युवती ने अपहरण के मामले को झूठा बताते हुए परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है और वह बालिग है। स्वजन पर आरोप लगाया है कि अगर उसके ससुराल के किसी भी सदस्य को कुछ हुआ तो वह आत्महत्या कर लेगी। जिसकी सारी जिम्मेवारी उसके मां-बाप की होगी।

युवती का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो को देखने से लग रहा है कि पूरा मामला पठखौली थाना क्षेत्र से जुड़ा है। युवती ने स्पष्ट कहा कि उसने अपनी मर्जी से अजय कुमार से प्रेम विवाह किया है और वह अब बालिग है। वीडियो में युवती ने मैट्रिक सर्टिफिकेट और आधार कार्ड भी दिखा रही है कि वह बालिग है।

सातवीं कक्षा से चल रहा था दोनों में प्रेम-प्रंसग

वीडियो में युवती ने बताया कि जब वह अजय के साथ गई थी। उस समय वह 12वीं कक्षा की छात्रा थी और बोर्ड परीक्षा दी थी। हालांकि अब वह 12वीं कक्षा पास कर चुकी है। उसने यह भी बताया कि दोनों ने जून 2025 में घर छोड़कर बेंगलुरु के मंडी जिले में शादी कर ली। जिससे वह शादी की है। उस लड़का का घर आमने-सामने था। वहीं से दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ। युवती का प्रेमी अजय कुमार आठवीं पास है, जो बेंगलुरु में कारपेंटर का काम करता था।

युवती के अनुसार, उसने विवाह पूरी तरह से आपसी सहमति से हुआ है। युवती ने बताया कि वह सातवीं में पढ़ती थी, तभी एक दूसरे से प्यार कर बैठे। इसकी जानकारी एक साल पहले लड़की के मां-बाप को हुई। इसके बाद दूसरी जगह रिश्ता की बात हुई। जैसे ही लड़की को इसकी सूचना मिली वह अजय के साथ घर छोड़कर फरार हो गई।

पिता पर लगाया आरोप

युवती ने अपने पिता पर आरोप लगाया कि वह लगातार उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस बार-बार उन्हें परेशान कर रही है, जबकि वह अब बालिग है और कानून उसे अपनी मर्जी से विवाह करने का अधिकार देता है।

अगवा युवती को शहर से ही बरामद किया है। जिसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के आलोक में आगे की कार्रवाई की जाएगी। – ह्दयानंद सिंह, थानाध्यक्ष, पठखौली

Search